जीरकपुर। दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर जा रही एचआरटीसी की वॉल्वो बस में एक यात्री के दो लैपटॉप चोरी हो गए। सुंदरनगर पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के लिए मामला जीरकपुर थाने भेज दिया गया है। मंडी जिले के दसेहड़ा गांव निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह 18 सितंबर की रात दिल्ली से सुंदरनगर जाने के लिए बस में सवार हुए थे। 19 सितंबर की सुबह सुंदरनगर पहुंचने पर उन्हें अपना बैग गायब मिला। बैग में कंपनी का डेल लैपटॉप, करीब 40 हजार रुपये कीमत का निजी एचपी लैपटॉप और जरूरी दस्तावेज रखे थे। दिनेश कुमार को संदेह है कि उनके सामने वाली सीट पर बैठा व्यक्ति बैग लेकर जीरकपुर में उतर गया था। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि बस कंडक्टर ने भी एक संदिग्ध व्यक्ति के जीरकपुर में उतरने की बात बताई थी। बाद में जयपुर में मिले एक बैग से उनके निजी लैपटॉप का बिल बरामद हुआ। इस बैग में कमल कुमार का ड्राइविंग लाइसेंस और दो बैंक कार्ड भी मिले। दिनेश कुमार ने लाइसेंस की फोटो देखकर संदिग्ध को पहचानने का दावा किया है। पुलिस अब बस में हुई चोरी, संदिग्ध के जीरकपुर में उतरने और जयपुर में मिले बैग के बीच संबंध की जांच करेगी।