मोहाली। शहर में बुधवार शाम हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन इस बारिश ने फिर नगर निगम की सफाई की पोल खोल दी। अधिकतर रोड गलियों जाम होने से जलभराव हो गया। सड़कों और अधिकतर मार्केट्स की पार्किंग ने तालाब का रूप धारण कर लिया। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि राहत की बात यह रही कि लोगों के घरों में जलभराव नहीं हुआ। लोगों को कहना है कि नगर निगम को इस तरफ ध्यान देना होगा ताकि भविष्य में लोगों को दिक्कत न उठानी पड़े।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को शाम पौने चार बजे से काफी तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान फेज-पांच, 3बी2, और सात की मार्केटों की पार्किंग ने तालाब का रूप धारण कर लिया। उचित निकासी न होने से पानी भर गया। ऐसी ही स्थिति सड़कों और चौराहों की थी। फेज-पांच पीटीएल चौक, 3-5 के लाइट प्वाइंट, ओल्ड अमर टैक्स चौक, मदनपुर चौक, फेज-छह, फेज-11 समेत कई जगह लोगों को आने-जाने में दिक्कत उठानी पड़ी। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़े क्योंकि पानी की वजह से कई वाहन सड़कों पर बंद हो गए। नगर निगम ने बरसात के दिनों को ध्यान में रखकर आठ जगह पर जो किराए पर लेकर पंप लगाए थे, अब उन्हें भी हटा दिया गया है क्योंकि उसकी अनुमति ज्यादा दिनों की नहीं थी।
माहिरों के सुझावों पर काम करे निगम
फेज-चार निवासी अंकित मल्होत्रा ने बताया कि नगर निगम पेवर ब्लॉक लगाने की जगह आईआईटी मुंबई और पैक के सुझावों पर काम करे। तभी इलाके के लोगों को जलभराव से निजात मिल सकती है।