मोहाली। थाना फेज-11 के अधीन आती अंब साहिब कालोनी में वीरवार देर शाम उस समय माहौल गरमा गया जब दो गुट पुरानी रंजिश को लेकर भिड़ गए।
इस दौरान गुटों न एक दूसरे पर पत्थरों व हथियारों से हमला किया जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर टीम तीन थानों के एसएचओ समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल से कुछ लोगों को राउंड अप भी किया है। थाना फेज-11 के एसएचओ अमनदीप सिंह का कहना है कि वह सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना देर शाम की है। अचानक सात बजे जैसे ही नाइट कर्फ्यू शुरू हुआ। कॉलोनी में दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे पर कई वार किए। इस दौरान गलियों में केवल लोगों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रहीं थी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम की तीन गाड़ियां, तीन थानों के एसएचओ व डीएसपी तक पहुंच गए। इस लड़ाई में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा कुछ लोगों ने पुलिस मुलाजिमों के साथ बहसबाजी भी की। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। कुछ घायल सिविल अस्पताल मोहाली और जीएमसीएच-32 में भर्ती हैं। कालोनी के लोगों का कहना था कि हमला करने वाले लोग हथियारों से लैस थे।