एसटीएफ की ओर से गिरफ्तार किए गए दो नशा तस्कर।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो नशा तस्करों को तीन सौ ग्राम हेरोइन और 1.30 लाख रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें मदनपुर चौक के पास से गुप्त सूचना पर दबोचा है। आरोपियों की पहचान अमरिंदर सिंह उर्फ टोनी निवासी बुर्ज थाना आनंदपुर साहिब जिला रूपनगर और प्रदीप कुमार उर्फ दीपू निवासी गांव भलाण थाना नंगल जिला रूपनगर के रूप में हुई है। एसटीएफ के एआईजी हरप्रीत सिंह ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं।
एसटीएफ स्टाफ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दो नशा तस्कर चंडीगढ़ साइड से पैदल ही अपने पक्के ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने आ रहे हैं। इसके बाद एएसआई हरजीत सिंह की अगुवाई में टीम ने उन्हें दबिश देकर दबोच लिया और उनके पास से हेरोइन और नकदी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एसटीएफ के फेज-4 थाने में एनडीपीएस एक्ट और विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
शराब ठेके पर काम करते लगी लत, पालीटेक्निक कॉलेज से किया डिप्लोमा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि वह पहले चंडीगढ़ में शराब ठेके पर काम करता था। वहीं, पर उसे हेरोइन लेेने की आदत लगी थी। इसके बाद वह लालच में आकर हेरोइन की सप्लाई करने लगा था। वह नंगल में रहता है और वहीं, गांव में लड़ाई-झगड़ा होने के चलते उसके खिलाफ केस दर्ज हो गया था। दूसरे आरोपी प्रदीप कुमार ने बताया कि उसने जालंधर में पालीटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रिशियन का डिप्लोमा किया था। यहां पर उसे हेरोइन पीने की आदत लग गई थी। फिर वह मोहाली में नौकरी करने लगा था। उसका दोस्त अमरिंदर सिंह जो कि इसका क्लास फैलो है। उसे चंडीगढ़ में मिला था और यहीं पर उसने शराब ठेके पर नौकरी दिला दी थी। इसके बाद वह हेरोइन की सप्लाई करने लगा था।
एसटीएफ स्टाफ ने बताया कि दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया और यहां से आरोपियों का तीन दिन का रिमांड हासिल कर लिया गया है। एसटीएफ का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिसमेें कई खुलासे हो सकते हैं।