मोहाली। स्पेशल टास्क फोर्स मोहाली और जालंधर रेंज की ओर से एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान कार सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे 950 ग्राम हेरोइन और चार लाख 98 हजार की ड्रग मनी समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जतिंदर कुमार उर्फ जिम्मी छाबड़ा निवासी संतेमाजरा, खरड़ और दीपक निवासी खनौरी, संगरूर के रूप में हुई है।
दोनों तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर अदालत में पेश कर 27 जून तक रिमांड पर ले लिया गया है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दो नशा तस्कर एक सफेद बोल्ट कार में सवार होकर डेराबस्सी से एयरपोर्ट रोड से होते हुए मोहाली आ रहे हैं। इस पर एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए सफेद बोल्ट कार को गांव छत के नजदीक नाका लगाकर रोक लिया। जबकि कार की तलाशी ली गई तो हेरोइन और ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद एसटीएफ ने दोनों नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि जिम्मी छाबड़ा के खिलाफ पहले भी एक केस दर्ज है। अभी दोनों से पूछताछ जारी है। बता दें कि कोरोना काल के बीच लगे लॉकडाउन में एक बार नशा तस्करी काफी बढ़ गई है। मोहाली पुलिस के अलावा एसटीएफ रोजाना कार्रवाई कर नशा तस्करों को दबोच रही है, ताकि नशा तस्करी पर नकेल कसी जा सके।