मोहाली। इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री (सीएसईएएम) अपलोड करने के दो अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज हुई है। राज्य साइबर क्राइम थाना फेज-4 मोहाली ने यह कार्रवाई की है। दोनों मामले नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (एनसीएमईसी) से प्राप्त साइबर टिपलाइन से जुड़े हैं। पहले मामले में साइबर टिपलाइन 23 फरवरी के आधार पर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच एएसआई गुरदीप सिंह ने की। इसमें सामने आया कि इंस्टाग्राम अकाउंट लव-इज-लव 8033 से 22 सितंबर 2025 को बाल अश्लील सामग्री वाला वीडियो अपलोड किया गया था। जांच के दौरान कुल 36 वीडियो और एक फोटो बरामद कर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किए गए। तकनीकी जांच में सामने आया कि अकाउंट से जुड़े मोबाइल अमृतसर निवासी अंकुश कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड हैं। साथ ही संबंधित ई-मेल आईडी भी इन्हीं नंबरों से बनाई गई थी।
आईपी एड्रेस और लॉगिन डिटेल्स के आधार पर पुष्टि हुई कि अकाउंट इन्हीं माध्यमों से संचालित हो रहा था। वहीं दूसरे मामले में साइबर टिपलाइन (नंबर 197116414) के आधार पर कार्रवाई कर इंस्टाग्राम अकाउंट रोमांटिबो की जांच की गई। इसमें तीन आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि संबंधित मोबाइल नंबर होशियारपुर जिले के सुखियाबाद निवासी प्रभु सिंह के नाम पर दर्ज हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने आईटी एक्ट-2000 की धारा 67-बी के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में आरोपियों द्वारा बाल अश्लील सामग्री अपलोड करना प्रथम दृष्टया साबित पाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गंभीर और संज्ञेय अपराध है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कार्रवाई में जुटी हैं। साथ ही साइबर नेटवर्क और अन्य संभावित कनेक्शनों की भी गहन जांच की जा रही है।