पिंजौर। पंचकूला की तरफ से बीते शुक्रवार की देर रात्रि अपने घर आ रहे अज्ञात लोगों ने गाड़ी क्षतिग्रस्त कर गांव धमाला निवासी मनदीप को घायल कर दिया। मनदीप सिंह ने बताया कि उनके पिता ज्ञानी सुखदेव सिंह कांग्रेस पार्टी से वरिष्ठ नेता हैं। वह बद्दी, बरोटीवाला में कंपनियों के साथ ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 25 अगस्त शुक्रवार की देर रात जब वह पंचकूला से वापस अपने घर गांव धमाला आ रहा था। रात करीब साढ़े 12 बजे वह एचएमटी गेट के पास पहुंचा तो उसने अपनी गाड़ी के शीशे में देखा कि दो गाड़ियों के चालकों ने पीछा कर उसकी गाड़ी रुकवा दी। हमलावरों की गाड़ियों से 6-7 लोग उतरे जिनके हाथों में तेज हथियार और लाठियां थीं। मनदीप सिंह ने बताया कि इनमें से किसी एक ने गोली भी चलाई और इन लोगों ने उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। मनदीप सिंह ने बताया कि उसने अपनी गाड़ी वहां से तेजी से भगाई परंतु आरोपी अपनी दोनों गाड़ियों से उसका पीछा करते हुए उनके गांव धमाला तक पहुंच गए। मनदीप सिंह ने थाने में अपनी शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।