लालड़ू। लैहली पुलिस ने मोबाइल फोन झपटमारी के आरोप में दो बाइक सवारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। चोरी के कुछ मोबाइल फोन खरीदने के आरोप में पुलिस ने एक दुकानदार को भी काबू किया है। हालांकि उसके कब्जे से कोई मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ। डेराबस्सी की अदालत में पेश करने पर गिरफ्तार दुकानदार को न्यायिक हिरासत में और दोनों झपटमारों का पुलिस ने रिमांड हासिल किया है।
पुलिस जांच अधिकारी एएसआई जितेंद्र पाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि अजीत सिंह उर्फ जीत निवासी गांव लैहली और गौरव कुमार मिश्रा निवासी गांव हसनपुर जो कि झपटमारी और चोरी की वारदातें करते हैं वे एक बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक पर आ रहे हैं। इस पर नाकाबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और इनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बाइक के दस्तावेजों की अभी जांच की जा रही है जबकि उनकी निशानदेही पर चोरी के मोबाइल फोन खरीदने के आरोप में दप्पर के एक दुकानदार जगन को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।