मोहाली। थाना फेज-1 के अधीन आने वाले फेज-5 स्थित एक शादी वाले घर से 30 हजार रुपये की नकदी और 9 मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान अजय ठाकुर निवासी गांव मोहाली और नावेद निवासी फेज-2 के रूप में हुई है। आरोपियों पर चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना फेज-1 के प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से बरामद 9 मोबाइल फोन की शिनाख्त की जा रही है। इस मामले में पुलिस को शिकायतकर्ता वैभव ने बताया था कि घर में उसकी बहन की शादी थी। इस अवसर पर घर में काफी संख्या में रिश्तेदार आए हुए थे। रात के समय रिश्तेदार ने अपना लेडीज बैग उनकी अलमारी में रख दिया था। साथ ही करीब आठ मोबाइल फोन चार्जर पर लगाकर सो गए थे। सुबह उठकर देखा तो जिस अलमारी में बैग रखा था वह खुली पड़ी थी और उसमें रखे 30 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने जब रिश्तेदारों से बातचीत की तो पता चला कि 9 मोबाइल फोन गायब हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।