खरड़। मॉडर्न वैली में कुछ युवकों की ओर से किराए के फ्लैट में रह रहे छात्रों की गाड़ियां तोड़ने और फायरिंग करने के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। इस मामले में खरड़ सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। इनकी पहचान मौंटी और मनतिम यादव के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस को गौरव उर्फ राम निवासी रामपुरा जिला रिवाड़ी हरियाणा हाल वासी मॉडर्न वैली खरड़ ने शिकायत दी थी कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडूआं में एमबीए कर रहा है। उसके साथ साहिल निवासी अलीपुर, हिसार हरियाणा भी बी फार्मेसी और दिलप्रीत सिंह निवासी रूद्रपुर उत्तराखंड एमबीए कर रहा है। वे तीनों किराए के फ्लैट में रहते हैं।उसने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त दिलप्रीत सिंह ने अपनी कार फ्लैट के बाहर खड़ी की हुई थी। रात 12 बजे खाना खाकर सोने लगे तो बाहर गाड़ियां तोड़ने की आवाजें आईं। बाहर देखा तो आयुष राव, आर्यन बसंत, अंकुश हुडा, मनतिम यादव, रौणक चौधरी, साहिल यादव, उज्जवल त्यागी और मौंटी समेत पांच छह अज्ञात युवक गाड़ियों की तोड़फोड़ कर रहे थे। यह सभी हमलावर पहले सीयू में ही पढ़ते थे। अप्रैल 2022 में इन आरोपियों ने उनकी स्कार्पियो गाड़ी तोड़ दी थी और साहिल के साथ भी मारपीट की थी। इन हमलावरों के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है। इनके अन्य साथियों ने सितंबर 2023 में घड़ूआं क्षेत्र में जीबीपी फ्लैटों में उसके एक और साथी पर गोली चला दी थी और इस केस में अर्पण को घडूआं पुलिस ने गिरफ्तार किया था जो अब रोपड़ जेल में बंद है। अब सिटी पुलिस खरड़ ने इस मामले में दो आरोपियों मौंटी और मनतिम यादव को गिरफ्तार किया है।