मोहाली। निज्जर चौक के पास पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन और पांच हजार रुपये ड्रग मनी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान विशाल शर्मा और अंकुर उर्फ अंकू दोनों वासी नंगल जिला रोपड़ के रूप में हुई है। सिटी खरड़ थाना पुलिस ने अदालत से दो दिन का रिमांड हासिल किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस गश्त व चेकिंग के लिए निज्जर चौक के पास मौजूद थी। इस दौरान चंडीगढ़ की तरफ से एक कार आती हुई दिखाई दी, जिसमें उक्त आरोपी सवार थे। वे पुलिस को देखकर घबरा गए और अपनी कार पीछे मोड़ने लगे। इस पर एएसआई ने पीछा कर पुलिस पार्टी की मदद से आरोपियों को काबू किया। शक पर कार की तलाशी ली तो कार से 50 ग्राम हेरोइन और 5000 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहली बार दिल्ली में किसी व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर लाए थे। जल्द पैसा कमाकर अमीर बनने के लिए उन्हें यह आसान रास्ता लगा। उन्होंने सोचा कि वहां से हेरोइन लाकर यहां पर महंगे दाम में बेचेंगे और जल्द अमीर हो जाएंगे। वहीं, पुलिस नाके के दौरान वह धरे गए। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेगी जिनसे वह हेरोइन खरीदकर लाए थे।