मोहाली। पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने पंजाब में अपराधियों को हथियार सप्लाई करने वाले दो हथियार तस्करों को सोमवार की रात राजपुरा बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने .32 बोर की 6 पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए हैं। इनकी पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत निवासी गांव मुस्तफाबाद, इंदिरा कॉलोनी बटाला रोड अमृतसर और सुखवंत सिंह निवासी ग्राम रानीगढ़ अटारी बाॅर्डर अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से और भी कई खुलासे होने की उम्मीद है।
हथियारों की खेप पहुंचानी थी पंजाब में
एसएसओसी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियार तस्कर मध्य प्रदेश से हथियारों की बड़ी खेप लाकर पंजाब में सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद इनकी गिरफ्तारी के लिए एसएसओसी के डीएसपी गुरचरण सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम ने राजपुरा बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर दी। सूचना में बताया गया था कि दोनों हथियार तस्कर बस में सवार होकर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने कई बसों की चेकिंग की, लेकिन हथियार तस्करों का कुछ पता नहीं चला। लेकिन इसके बाद में आई एक बस की पुलिस तलाशी लेने लगी तो बस में बैठे दो शख्स पुलिस को देख भागने की कोशिश करने लगे। इससे पुलिस को उनपर शक हुआ और कुछ ही दूरी पर जाकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने जब दोनों शख्स की तलाशी ली तो इनके पास से .32 बोर की 6 पिस्टल और 4 कारतूस बरामद हुए।
80 हजार रुपये में खरीदे थे हथियार
एसएसओसी की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों हथियार तस्कर अमृतपाल सिंह और सुखवंत सिंह मध्य प्रदेश के बाकानेर गए थे, वहां इनकी मुलाकात एमपी के एक हथियार तस्कर के सााथ हुई और उन्हें .32 बोर की 6 पिस्टल और 4 कारतूस की खेप 80,000 रुपये में मिली। इसके बाद दोनों इन हथियारों को पंजाब में अलग-अलग अपराधियों को प्रति हथियार 20 से 50 हजार रुपये के मुनाफे में बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपी हर बार अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले अलग-अलग रास्ते अपनाते थे। उन्होंने पहले भी मध्य प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप की तस्करी की है और उन्हें पंजाब के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न आपराधिक गिरोहों के सदस्यों को वितरित किया है। इन हथियार तस्करों ने अप्रैल में .32 बोर की दो अवैध पिस्टल सप्लाई की थी।
मुख्य सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचने में जुटी पुलिस
अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों के बाद अब एसएसओसी मध्य प्रदेश के मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की योजना बना रही है, जहां से आरोपी हथियार खरीद कर लाते थे। इसके अलावा अभी तक उन्होंने पंजाब या अन्य राज्य में कितने लोगों को हथियार सप्लाई किए हैं इसका भी पता करने में जुट गई है।