मोहाली। ट्रिब्यून चौक से फेज-11 की ओर जा रही एक बस ने जगतपुरा मोड़ के पास दो एक्टिवा चालकों और एक साइकिल सवार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायलों में एक्टिवा चालक फैदा गांव का निवासी सनी और कंबाला निवासी प्रीतपाल सिंह हैं। घटना के बाद वहां पर जाम लग गया और आसपास मौजूद लोगों ने बस में तोड़-फोड़ भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सनी और प्रीतपाल सिंह को सोहाना हास्पिटल भेजा गया है। प्रीतपाल सिंह के बेटे हर्ष ने बताया कि उनके पिता कंबाली से सेक्टर-49 के पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल डलवाने जा रहे थे। जगतपुरा के रेलवे पुल के पास सड़क पर तेजगति से आ रही बस के चालक ने गलत तरीके से बस मोड़ दी। इससे उनका एक्टिवा बस के नीचे आ गया।
फैंदा गांव के सनी के भाई होरी लाल ने बताया उसका भाई जगतपुरा से सेक्टर 31 में निजी काम से जा रहा था। तभी बस ने टक्कर मार दी और एक्टिवा बस के नीचे आ गई।