जीरकपुर। वीआइपी रोड पर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले जाने वाले दो और चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 20 तारीख की रात चार चोर एटीएम को बोलोरो के पीछे बांधकर घसीटते हुए पटियाला रोड के नजदीक सुनसान जगह पर ले गए थे। इस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 14 लाख कैश से भरा एटीएम, बोलेरो गाड़ी व मशीन तोड़ने के औजार बरामद किए थे। वहीं, अनमोल को पकड़ लिया था और उसके तीन साथी फरार हो गए।
अब पुलिस ने सोमवार को दो ओर चोरों गुरप्रीत उर्फ टिंकू व दीपक को काबू किया है। इसके अलावा तीसरा आरोपी अभिषेक अभी भी फरार चल रहा है। जांच में सामने आया है कि चोर सात बार अलग-अलग एटीएम को उखाड़ने की नाकाम कोशिश कर चुकेे हैं। थाना जीरकपुर के एसएचओ राजदीप सिंह गिल ने बताया कि वीआईपी रोड पर हुई एटीएम चोरी में अब तक तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और एक चोर अभी फरार है। इससे पहले उक्त आरोपियों ने ढकोली स्थित एक एटीएम को भी निशाना बनाया था जिसमें वह नाकाम रहे थे। मौके पर पकड़े गए आरोपी अनमोल का रिमांड खत्म होने के चलते उसे सोमवार को जेल भेज दिया गया है।