डेराबस्सी। स्थानीय पुलिस ने नजदीकी गांव पंडवाला में अवैध माइनिंग करने के आरोप में दो लोगों को पोकलेन मशीन और टिप्पर सहित गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद में कानून के मुताबिक जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस ने मौके से पकड़े गई पोकलेन मशीन और टिप्पर को भी कब्जे में ले लिया है।
इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई मेवा सिंह ने बताया ड्रेनेज विभाग के जे.ई. कम माइनिंग इंस्पेक्टर नरिंद्र कुमार ने शिकायत देकर बताया कि बीती वीरवार की रात गुत्त सूचना मिली थी कि गांव पंडवाला में निजी जमीन में अवैध माइनिंग हो रही है। इस पर माइनिंग विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर छापा मारा गया और अवैध माइनिंग करते दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान जगदीप सिंह निवासी मुबारिकपुर के रूप में हुई है जो पोकलेन मशीन चला रहा था और दूसरा आरोपी सत्तप्रकाश निवासी यूपी के रूप में हुई है जो टिप्पर चला रहा था।
पुलिस ने कहा कि अभी मामले में जांच की जा रही है कि दोनों आरोपी किसकी जमीन में अवैध माइनिंग कर रहे थे। इस मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।