जीरकपुर। लालड़ू क्षेत्र के हमायूंपुर तसंबली गांव के ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह ने पंजाब सरकार की दिवाली बंपर लॉटरी में 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है। इस जीत के साथ ही उनका परिवार रातों-रात करोड़पति बन गया है। इस खबर से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और गांव में भी जश्न का माहौल है।
बलजिंदर सिंह ने रतन लॉटरी एजेंसी से दिवाली बंपर का टिकट 10 तारीख को खरीदा था। बीते दिन पंजाब सरकार की ओर से लॉटरी का ड्रॉ निकाला गया। इसमें 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम उनके टिकट के नाम निकला। शुरुआत में परिवार को इस खबर पर यकीन नहीं हुआ। लॉटरी के नतीजों की पुष्टि होने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बलजिंदर सिंह एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं। वह ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी में परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले बलजिंदर सिंह के लिए यह इनाम बड़ी खुशखबरी बनकर आया है। एक साधारण ट्रक ड्राइवर के 12 करोड़ रुपये जीतने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। बलजिंदर सिंह ने अपनी इनामी राशि के उपयोग की योजना बताई। उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले जमीन खरीदने को प्राथमिकता देंगे। इसके अलावा, बच्चों की बेहतर शिक्षा पर भी राशि खर्च करेंगे। वह बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी निवेश करेंगे। उनका कहना है कि इस इनाम से परिवार की कई पुरानी उम्मीदें पूरी हो सकेंगी।
गांव में जश्न का माहौल
बलजिंदर सिंह के लॉटरी जीतने की खबर मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल है। गांववासियों, रिश्तेदारों और परिचितों की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। दिवाली बंपर का यह इनाम उनके परिवार के लिए खुशियों की बड़ी सौगात बनकर आया है। पूरा गांव इस अप्रत्याशित जीत का जश्न मना रहा है।