खरड़। खन्ना की एक ट्रैवल कंपनी ने खरड़ केे रहने वाले एक व्यक्ति को दुबई का जाली वीजा थमाकर उसके साथ ठगी की कोशिश की है। पीड़ित व्यक्ति ने खरड़ सिटी थाने में शिकायत दे दी है। राजेश कुमार पुत्र साधु राम निवासी मोहल्ला सैनियां खरड़ ने बताया कि उसे खन्ना की एक ट्रैवल कंपनी का फोन आया था कि वह दुबई भेजने का वीजा लगवाते हैं। इस पर उन्होंने दुबई का वीजा लगवाने के लिए हां कर दी। इसके बाद कंपनी ने राजेश को बताया कि वह पैसे वीजा लगाने बाद में लेते हैं, जब उसका वीजा आ जाएगा। कंपनी की ओर से राजेश कुमार को वीजा की कॉपी व्हाटसएप पर भेजी और इसके बाद पैसे और पासपोर्ट जमा करवाने के लिए कहा। राजेश कुमार ने पैसे जमा करवाने से पहले कंपनी द्वारा भेजे गए वीजा को जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर चेक करवाया तो वह जाली निकला। राजेश कुमार ने बताया कि ऐसे और तीन लोग हैं जिन्हें जाली वीजा भेजकर कंपनी ने ठगा है।