मोहाली। बलौंगी के बड़माजरा में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में चार साल के बच्चे अतीत की मौत हो गई। बच्चा घर से खेलने निकला था तभी वह एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा करीब 9:30 बजे हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल फेज-6 पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बलौंगी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों ने चालक को मौके से भागने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया था।
बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। अतीत अपने पांच भाई-बहनों में से एक था। उसकी अचानक मौत से परिवार में गहरा मातम छा गया है। मां ने बताया कि रक्षाबंधन के अगले ही दिन उन्हें यह दुख झेलना पड़ा। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।