जीरकपुर। गर्मी में छुट्टी के महीने का यह तीसरा रविवार है और छतबीड़ चिड़ियाघर में सैलानियों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस रविवार को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक करीब दस हजार सैलानी चिड़ियाघर में पहुंचे और यहां पर डायनासोर को अपनी आंखों के सामने बिलकुल नजदीक देखकर कर रोमांचित हो उठे। यहां पर इतनी भीड़ रही कि पार्किंग फुल होने के कारण लोगों को अपनी गाड़िया सड़क किनारे ही दूर तक खड़ी करनी पड़ी। टिकट काउंटर पर इतनी भीड़ थी कि लोगों को टिकट लेने में भी घंटों कतार में खड़े होना पड़ा। सैलानियों की सबसे ज्यादा भीड़ भालू, चीता और डायनासोर के पार्क में देखने को मिली। यहां पर अधिक भीड़ होने के कारण व्यवस्था बनाए रखने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन के पसीने छूट गए। हालांकि उनकी ओर से सैलानियों की सुविधा के लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है।