मोहाली। एक व्यक्ति ने प्लॉट के कागजात पर फर्जी नंबर लगाकर सब रजिस्ट्रार मोहाली से पहले मंजूरी ली और उसके बाद प्लॉट पर लिए बैंक लोन को क्लीयर दिखाकर बैंक मैनेजर से एनओसी हासिल कर ली। यही नहीं आरोपी व्यक्ति ने एनओसी लेने के उपरांत उस प्लॉट को आगे कई जगह बेच दिया। मामले का खुलासा होने पर अब सोहाना पुलिस ने प्लॉट मालिक हरप्रभजोत सिंह निवासी फेज-10 मोहाली, बैंक के पूर्व मैनेजर व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि आरोपी फरार हैं।
सेक्टर-77 निवासी सबीर सिंह ने एसएसपी मोहाली को 12 जून को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि हरप्रभजोत सिंह ने सेक्टर-77 में अपने प्लॉट के फर्जी कागजात बनाए जिसमें उसने अपना प्लॉट नंबर बदल लिया। 30 अक्तूबर 2023 को आरोपी ने सब रजिस्ट्रार मोहाली से एनओसी मंजूर करवा ली। एनओसी लेने के बाद आरोपी हरप्रभजोत सिंह ने अपना कार लोन और अन्य लोन बैंक में क्लीयर दिखाकर बैंक मैनेजर से भी एनओसी ले ली। आरोपी ने उसके बाद यह प्लॉट तीरक सिंह गुलाटी और इंदरप्रीत सिंह को बेच दिया। लोन क्लीयर दिखाकर उक्त दोनों ने आगे सबीर सिंह को यह प्लॉट बेच दिया जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि इस प्लॉट पर बैंक लोन खड़ा है और जो कागजात लगाकर बैंक से एनओसी ली गई है वह कागजात जाली थे। दरअसल हरप्रभजोत ने कागजातों में अपना प्लॉट नंबर ही बदल दिया था और जिस प्लॉट नंबर पर लोन नहीं था उसके फर्जी कागजात तैयार करवा लिए थे। यह सब बैंक मैनेजर की मिलीभगत से हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद तीन लोगों पर मामला दर्ज कर लिया।