मोहाली। पहले मामा को शराब पिलाने के लिए दोस्त के घर बुलाया, फिर वहां कहा-सुनी होने पर मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट के बाद जब मामा के बेटों ने घर जाकर शिकायत की तो उनके साथ भी मारपीट की और चाकू मारकर घायल कर दिया। जांच में पता लगा है कि मामा के छोटे बेटे के शरीर पर तेजधार हथियार से काफी कट लगे हैं।
सेक्टर-74 निवासी जतिंदर सिंह ने बताया कि एक अगस्त को उसके छोटे भाई को सांप ने काट लिया था। इस पर गांव से पिता सुखपाल सिंह अगले ही दिन बेटे की हालचाल पूछने के लिए आए थे जो यूपी पुलिस में तैनात हैं।
शनिवार को पिता को भांजे ने गांव बढ़माजरा में शराब पीने के लिए घर बुलाया था। इसके बाद वह उन्हें अपने दोस्तों के घर ले गया। वहां उनकी दोस्तों के साथ कहा सुनी होने पर दोस्तों ने पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद वे उनको एयरपोर्ट रोड पर फेंक कर चले गए।
वहां से गुजरते राहगीरों ने बेटों को पिता के बारे में सूचना दी। रात को जब भांजे के घर पिता और उसके दोनों बेटे बात करने के लिए गए तो वहां भांजे के दोस्त पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उसके शरीर पर काफी गंभीर चोट आई। इस पर घायल को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी।