मोहाली। सेक्टर-66-67 लाइट पॉइंट के पास एक बाइक को टिप्पर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान प्रद्युमन ठाकुर हाल निवासी एयरपोर्ट रोड मोहाली और स्थायी निवासी गांव दनोआ जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं, चालक को काफी चोटें लगीं हैं। जख्मी की पहचान दिलखुश सिंह हाल वासी लखनौर और स्थायी वासी लखमड़ी जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बाइक टैक्सी चलाने वाले दिलखुश ने बताया कि उसने फेज-11 में पड़ते बेस्टेक टॉवर में काम करने वाले प्रद्युमन ठाकुर को ड्यूटी खत्म होने के बाद घर जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक करने पर बैठाया था। वे बाइक पर रात करीब साढ़े 9 बजे सेक्टर 66-67 लाइट पॉइंट पर पहुंचे तो पीछे से ओवरस्पीड में आए टिप्पर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक चला रहा दिलखुश और प्रद्युमन दोनों नीचे गिर गए। हादसे के बाद दिलखुश बेहोश हो गया। जबकि टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को घायल देखकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रद्युमन को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया। वहीं, घायल दिलखुश का इलाज अस्पताल में चल रहा है।