मोहाली। सेक्टर-99/104 में अपने कुत्ते को कार में घुमाने गए एक व्यक्ति को तीन युवकों ने किरच की नोक पर लूट लिया। हमलावरों ने उससे ढाई तोले सोने की चेन, एक सोने कड़ा ढाई तोले का, डेढ़ तोले की डायमंड रिंग और एक चांदी का ढाई तोले का लूट लिया।
सोहाना थाना पुलिस ने सेक्टर-105 के रहने वाले गुरअमृत सिंह के बयान पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में एक की पहचान संतेमाजरा के रहने वाले राकेश गिर के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार राकेश गिर को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकी दो की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता गुरअमृत सिंह ने बताया कि वह वह अपनी आईटी कंपनी चलाता है। शुक्रवार रात को करीब पौने 9 बजे वह अपने कुत्ते को स्विफ्ट गाड़ी में घुमाने सेक्टर-99/104 ले गया था। जब वह गाड़ी खड़ी करके कुत्ते को सेक्टर-99 वाली साइड में घुमा रहा था तो तीन युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने आते ही उसे पकड़ लिया। उनमें से दो युवकों के हाथों में किरच थी। उन्होंने उसकी गर्दन पर किरच लगा दी और उससे ढाई तोले सोने की चेन, एक सोने का कड़ा ढाई तोले का, डेढ़ तोले की डायमंड रिंग और एक चांदी का ढाई तोले का कड़ा लूट लिया और फरार हो गए। कड़े पर उसका और उसकी पत्नी का नाम लिखा था। बाद में उसने पुलिस को मामले की सूचना दी।