मोहाली। शहर में इमिग्रेशन फ्रॉड लगातार बढ़ रहा है। हालात यह हैं कि रोजाना विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में दो महिलाओं ने उनके साथ कनाड़ा भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। जिसमें आरोप है कि मोहाली के एक ट्रैवल एजेंट ने उनसे कनाडा भेजने के लिए 10.80 लाख रुपये लिए थे। लेकिन इसके बाद न तो उनको विदेश भेजा न ही उनके रुपये लौटाए। इन महिलाओं ने मटौर थाना में शिकायत दी है। जिसमें बताया गया है कि इनको कनाडा भेजने के नाम पर सेक्टर-70 के ट्रैवल एजेंट ने 10.80 लाख रुपये लिए पर उनको विदेश नहीं भेजा। जब पैसे वापस मांगे गए तो पैसे भी नहीं लौटाए। इस मामले में पीड़ित परिवार के हरजिंदर सिंह वासी कैथल की शिकायत पर मटौर थाना पुलिस ने 4 लोगों पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान निशान सिंह, कुलवीर सिंह कौड़ा, रीत कौर कौड़ा और अमनदीप कौर के रूप में हुई है।
पुलिस को शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी पत्नी सरबजीत कौर और उनकी बहन दलजीत कौर ने अपना कनाडा का वीजा लगवाने के लिए सेक्टर-70 के एक ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया था। उन्होंने उससे कहा कि पहले 10.80 लाख रुपये देने होंगे और उसके बाद बाकी पैसे वीजा आने पर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा था कि 6 महीने में वीजा नहीं आया तो पैसे लौटा देंगे। इस पर उन्होंने रुपये दे दिए। इसके बाद वे उन्हें कई दिन तक वीजा आने के झूठे आश्वासन देते रहे। इसके बाद जब वीजा काफी दिन नहीं आया तो वे उनके दफ्तर गए तो देखा कि दफ्तर बंद था। इस पर उन्हें पता लगा कि उनके साथ ठगी हो गई है। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी।