मोहाली। नशा तस्करी के आरोप में पुलिस ने एक प्रेमी जोड़े समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी गांव जोधपुर थाना सदर तरनतारण, किरनप्रीत कौर निवासी जंडियाला गुरु जिला अमृतसर और साजनप्रीत उर्फ आकाश निवासी पीर खाना रोड खन्ना के रूप में हुई है। प्रेमी जोड़ा मटौर में पीजी में रह रहे थे। थाना मटौर के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने इस मामले में कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी लंबे समय से हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। दोनों अपने ही कमरे से तस्करी करते हैं। जब इस मामले की जांच की गई तो कुलदीप सिंह से 6.68 ग्राम हेरोइन, नौ हजार रुपये और किरनप्रीत कौर से 5.97 ग्राम हेरोइन और एक इलेक्ट्रानिक कांटा बरामद किया गया। इस मामले में जब दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई तो एक और तस्कर का खुलासा हुआ। यह दोनों आरोपी साजनप्रीत उर्फ आकाश निवासी पीर खाना रोड खन्ना (हाल निवासी शिवालिक सिटी, खरड़) से हेरोइन लेते थे।
पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उससे 63.95 ग्राम हेरोइन और 8700 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य युवक जगतार सिंह जो इनसे नशा खरीदता था, को नशा मुक्ति केंद्र सेक्टर-66 मोहाली में भर्ती करवाया गया। आरोपी कुलदीप सिंह पर पहले से दो एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। इस मामले में थाना तरनतारन में 20 मई 2022 को और 20 सितंबर 2022 को मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।