मोहाली। शहर में तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा थाना सोहाना के लांडरा रोड पर हुआ। इस हादसे में गीतिक नरूला नाम के युवक की मौत हो गई। वह बाइक पर सवार था। हादसे में वह दूसरे बाइक की चपेट में आ गया। शिकायतकर्ता सुरिंदर कुमार उर्फ शंटी ने बताया कि उसका लड़का गीतिक नरूला ड्यूटी से छुट्टी होने के बाद मोटरसाइकिल पर अपने घर अंबाला जा रहा था। जब वह लांडरां के पास पहुंचा तो उसको किसी अन्य मोटरसाइकिल चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गीतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दूसरे मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में ट्रक की चपेट में आने के कारण एक्टिवा सवार की मौत हो गई। अरुण कुमार ने थाना बलौंगी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-22 चंडीगढ़ में काम करने के बाद गांव मटौर में अपने भाई अजय कुमार के पास आया। वह एक्टिवा पर खरड़ की तरफ जा रहा था, चीमा लाइट पॉइंट के पास ट्रक की चपेट में आने से वह बुरी तरह घायल हो गया। इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। इस मामले में बलौंगी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
तीसरा मामला एयरपोर्ट रोड पर अल सुबह करीब 3 बजे हुआ। हादसे में एश्वर्या कुमार निवासी सहारनपुर यूपी (हाल निवासी गांव कुंभडा) की मौके पर ही मौत हो गई। एश्वर्या कुमार बेसटैक मॉल में नौकरी करता था। बीती रात वह मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त आयुश व भगवान दास के साथ ड्यूटी के बाद खरड़ की तरफ जा रहा था। मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और उनका मोटरसाइकिल फुटपाथ के साथ टकरा गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एश्वार्य की मौके पर मौत हो गई जबकि आयुश और भगवान का पीजीआई में इलाज चल रहा है।