मोहाली। जिले में कोरोना से वीरवार को तीन और लोगों की मौत हो गई, वहीं रिकॉर्ड 409 लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना काल से अब तक की समय अवधि में यह एक दिन में संक्रमित होने वालों की सबसे बड़ी संख्या है।
अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 3297 पर पहुंच गई है। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील की है कि महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए सभी को आगे आना पड़ेगा।
वीरवार को 409 लोगों में बनूड़ से तीन, डेराबस्सी से 34, ढकोली से 33, खरड़ से 42, कुराली से 12, लालडू से 10 और मोहाली शहरी क्षेत्र से 275 कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं। इसके साथ ही 293 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। जिले में कोरोना के अब तक 27102 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 23369 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा 436 लोगों की मौत हुई है।