फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: मिसेज चंडीगढ़ रही अपर्णा और उसके पति पर धोखाधड़ी के तीन नए मामले दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। साल 2019 में मिसेज चंडीगढ़ रही अपर्णा सगोत्रा व उसके पति संजय सिंह पर इमिग्रेशन के नाम पर 36 लाख रुपये ठगने की तीन नई एफआईआर दर्ज हुई हैं। ये तीनों मामले सोहाना थाने में अलग-अलग शिकायतकर्ता के बयान पर दर्ज किए गए हैं। अपर्णा सगोत्रा और संजय सिंह पर मोहाली व चंडीगढ़ में पहले भी 12 से 15 मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार पति संजय सिंह ठगी के एक मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वह रोपड़ जेल में बंद है जबकि अपर्णा फरार है। पुलिस को उसकी तलाश है। पेशे से वकील अपर्णा सगोत्रा ने वर्ष 2019 में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मिसेज चंडीगढ़ का खिताब जीता था। डॉक्टरों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, बैंकरों, गृह-निर्माताओं सहित जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से शॉर्टलिस्ट किए गए 28 फाइनलिस्टों में वह एक थी, जिसने यह खिताब जीता था। इस दौरान समारोह के जज पंजाबी गायक जसबीर जस्सी ने सम्मानित किया था। शादी के बाद वह इमिग्रेशन के क्षेत्र में आईं। वह अपने पति के साथ कंपनी चला रही थी।
विज्ञापन


पहले मामले के शिकायतकर्ता बलबीर सिंह निवासी भाई मति दास नगर बठिंडा ने सोहाना पुलिस को शिकायत दी कि अपर्णा सगोत्रा व उसके पति संजय सिंह ने मोहाली के सेक्टर-106 में इमार सोसाइटी में कोठी नंबर-45 में अपना इमिग्रेशन दफ्तर खोला हुआ था। वह घर से इमिग्रेशन दफ्तर चला रहे थे। एक सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से वह उनके संपर्क में आया और कनाडा के लिए उक्त दंपती की कंपनी में आवेदन किया। उन्होंने उसे कनाडा में पीआर दिलाने के लिए 12 लाख रुपये की मांग की। उसने 12 लाख रुपये जमा करवा दिए, लेकिन रकम लेने के बाद आरोपियों ने उसे वीजा नहीं दिया। उल्टा धमकाया जाने लगा। वहीं, उसे जो चेक दिए, वे बाउंस हो गए। पुलिस ने जांच के बाद पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया।
दूसरी शिकायत कृष्णगढ़ के रहने वाले सुखजीत सिंह ने सोहाना पुलिस को दी। उनका कहना है कि एक सोशल प्लेटफार्म के माध्यम से वह उनके संपर्क में आया था। दंपती ने उसे व उसके परिवार को कनाडा भेजने का झांसा देकर उससे 6 लाख रुपये ठग लिए। बाद में उसे न वीजा दिया और न ही रकम वापस की। उसे कुछ चेक दिए गए, जो बाद में बाउंस हो गए। वह उनके दफ्तर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। फोन पर बात हुई तो उसे धमकाया जाने लगा। पुलिस ने इस मामले में भी दंपती पर केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


तीसरे मामले की शिकायत जिला गुरदासपुर के गांव गुरदास नगर की रहने वाली एकता ने दी। एकता ने यह शिकायत परमजीत सिंह व मोहाली निवासी दविंदर कौशल के साथ मिलकर एसएसपी मोहाली को दी। इसकी जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी ने की। जांच में सामने आया कि आरोपी दंपती ने एकता, परमजीत सिंह व दविंदर कौशल से विदेश भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये ठगे थे। उन्होंने न तो तीनों को विदेश भेजा और न ही उनकी रकम वापस की। सोहाना थाने में एसएसपी के निर्देशों पर दोनों पर मामला दर्ज किया गया। बता दें कि हाल ही में दंपती पर चंडीगढ़ के एक निजी स्कूल में दाखिला करवाने के नाम पर 5 लाख रुपये और इन्वेस्टमेंट के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज हुआ था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें