मोहाली। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक सूची भेजी है। इसमें भ्रष्टाचार में लिप्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अलावा कुछ रजिस्ट्री डीड राइटर (वसीका नवीस) और वकीलों के नाम भी शामिल हैं और यह सभी विजिलेंस ब्यूरो के रडार पर हैं। इनमें मोहाली के तहसीलदार अमनदीप चावला, माजरी के नायब तहसीलदार दीपक भारद्वाज, जीरकपुर के नायब तहसीलदार कुलविंदर सिंह और घड़ूआ के नायब तहसीलदार पुनीत बंसल का नाम शामिल है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम को विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक सूची भेजी है। इसमें पूरे प्रदेश के भ्रष्ट तहसीलदार और नायब तहसीलदार को शामिल किया गया है। इनमें मोहाली के तहसीलदार अमनदीप चावला के साथ डीड राइटर मुकेश पुरी, विद्यासागर, आनंद कुमार, हरमिंदर सिंह बेदी और एडवोकेट जितेंद्र सिंह का नाम शामिल है। इसी प्रकार माजरी में नायब तहसीलदार दीपक भारद्वाज के साथ मनदीप सिंह मंगू, अमनदीप सिंह, रणवीर सिंह, नरदेव, बिट्टू, जगतार बाबा सहित एडवोकेट बेअंत सिंह का नाम जोड़ा गया है। नायब तहसीलदार जीरकपुर कुलविंदर सिंह के साथ दीपांकर गर्ग, देशराज, रफीक, बलविंदर, रवि भारती के अलावा एडवोकेट मोहित और सागर का नाम दर्ज किया है। वहीं, घड़ूआ में भ्रष्टाचारियों की सूची में सिर्फ नायब तहसीलदार पुनीत बंसल का नाम शामिल है।
नायब तहसीलदार गए सामूहिक अवकाश पर
विजिलेंस ब्यूरो की सूची जारी होने के बाद पूरे प्रदेश के नायब तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। जब तक सरकार और विजिलेंस ब्यूरो इस पर माफी नहीं मांगेंगे तब तक वह काम पर वापस नहीं आएंगे।
कोड वर्ड से चल रहा भ्रष्टाचार का खेल
विजिलेंस ब्यूरो की ओर से भेजी गई चिट्ठी में लिखा गया है कि वसीका नवीस कुछ वकीलों और निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर सरकार को चूना लगा रहे हैं। यह व्यावसायिक जमीन को रिहायशी और शहरी जमीन को ग्रामीण जमीन दिखाकर स्टैंप ड्यूटी की चोरी कर रहे हैं। इतना ही नहीं यह रजिस्ट्री के कागजों पर कोड वर्ड में कुछ लिखते हैं, इसको देखकर ही तहसीलदार प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करते हैं।
कोट
जमीन पर लिए गए कर्ज को उतरवाने के लिए तहसीलदार के हस्ताक्षर करवाने के लिए तहसील में आया था। यहां आकर पता चला है कि तहसीलदार और नायब-तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर हैं। अब कल फिर से आना पड़ेगा। -आलमगीर खान, निवासी रायपुर कलां
आज की तारीख में रजिस्ट्री की अप्वाइंटमेंट ली हुई थी। यहां आकर काफी देर तक अधिकारियों का इंतजार किया। फिर पता चला है कि आज काम नहीं होगा, क्योंकि तहसीलदार-नायब तहसीलदार छुट्टी पर चले गए हैं। -बरजिंदर सिंह, निवासी मोहाली