मोहाली। तीन दिवसीय पल्स पोलियो मुहिम का आगाज रविवार को फेज-6 सिविल अस्पताल से सेहत एवं परिवार भलाई विभाग के प्रिंसिपल सचिव हुसन लाल ने बच्चों को दवाई पिलाकर किया। इस दौरान कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया गया और पहले दिन जिले में 54,845 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने बताया कि जिले में कुल 1,53,835 बच्चों को दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमेें पहले दिन टीमों ने बूथों पर दवाई पिलाईं। जबकि दूसरे और तीसरे दिन टीमें लोगों के घर-घर जाकर दवाई पिलाएंगी।
जिला टीकाकरण डॉ. वीना जरेवाल और सहायक सिविल सर्जन डॉ. रेनू सिंह ने फेज-6 की कॉलोनी में जाकर मुहिम का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बच्चों को पोलियों की दवा जरूर पिलाएं। भले ही बच्चे का जन्म कुछ समय पहले ही क्यों न हुआ हो। वहीं, बच्चे को खांसी, जुकाम या दस्त में दवाई पिलाने पर कोई गलत असर नहीं पड़ता। डॉ. वीना जरेवाल ने बताया कि मुहिम की कामयाबी के लिए जिले में कुल 548 बूथ और कुल 1096 टीमें गठित की गई हैं। जो कि कुल 3,86,890 घरों में जाएंगी। वहीं, मुहिम की निगरानी के लिए 128 सुपरवाइजरों को तैनात किया गया है। जबकि वैक्सीनेटरों की संख्या 2,480 है। इसके अलावा नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की मदद ली जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को दवाई जरूर पिलाएं। वहीं, जिले की विभिन्न जगह पर डिप्टी मेेडिकल कमिश्नर डॉ. दलजीत सिंह, जिला परिवार भलाई अफसर डॉ. निधि, डीएचओ डॉ. सुभाष कुमार, एसएमओ बूथगढ़ डॉ. कुलदीप सिंह, एसएमओ मोहाली डॉ. विजय भगत, एसएमओ डेराबस्सी डॉ. संगीत जैन, एसएमओ घडुआं डॉ. कुलजीत कौर, एसएचओ ढकोली डॉ. पॉमी चतरथ आदि ने मुहिम में हिस्सा लिया।