मोहाली। पंजाब में मंगलवार को हो रहे पंचायत चुनाव से एक दिन पहले ही पुलिस ने अपना मोर्चा संभाल लिया है। मोहाली जिले में करीब 1300 पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। एसएसपी दीपक पारिख ने साफ कहा है कि शरारती लोग बाज आ जाएं और शरारत करने की न सोचें। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वाले को सीधा जेल भेजा जाएगा, क्योंकि पुलिस इस कदर मुस्तैद है कि शरारत और गैर कानूनी गतिविधि किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआईजी रोपड़ रेंज नीलांबरी विजय जगदले ने बताया कि मोहाली जिले में 422 पोलिंग बूथ, रोपड़ जिले में 672 और फतेहगढ़ साहिब जिले में 481 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां मंगलवार को चुनाव होने हैं। इनमें हाइपर संवेदनशील व संवेदनशील बूथों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मोहाली जिले में 1300, रोपड़ जिले में 1700 और फतेहगढ़ साहिब में 950 पुलिस फोर्स तैनात की गई है। डीआईजी ने बताया कि मोहाली जिले में 4, फतेहगढ़ साहिब में 5 और रोपड़ जिले में 5 जगह पुलिस सेंटर बनाए गए हैं। यहां सोमवार शाम को ही पुलिस को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव के चलते 90 फीसदी हथियार जमा हो चुके हैं। किसी भी तरह की अप्रिय घटना के लिए रिजर्व फोर्स तैनात की गई है। डिस्ट्रिक्ट हैड क्वार्टर, रेंज हैड क्वार्टर, सब डिविजन हैड क्वार्टर थाना लेवल पर रिजर्व फोर्स रखी गई है और एक अलग से क्यूआरटी टीम तैनात है। इस फोर्स में अलग-अलग विंग और होमगार्ड को तैनात किया गया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बी पोलिंग स्टेशनों पर एक-एक पैट्रोलिंग पार्टी तैनात की गई है। सभी डीएसपी व एसएचओज को रात के समय फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारी रात को अपने-अपने एरिया में संवेदनशील पोलिंग बूथ पर खुद तैनात रहेंगे।