नयागांव। नयागांव में स्वाइन फ्लू के तीन मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। दशमेश नगर में एक 64 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से इलाके में चिंता बढ़ गई है। महिला का पहले से पीजीआई में उपचार चल रहा था। संक्रमण की पुष्टि के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। महिला के परिवार के छह सदस्यों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मामलों को गंभीरता से लिया है। कुमाऊं कॉलोनी और दशमेश नगर से भी स्वाइन फ्लू के अन्य मामले सामने आए हैं। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा है।