जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर लोहगढ़ मोड़ के पास मंगलवार को रात करीब 10:45 बजे एक तेज रफ्तार हिमाचल नंबर की बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों को जेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक को गंभीर हालत होने के कारण चंडीगढ़ सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया। जीएमसीएच-32 में पहुंचते ही एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक साहिब के भाई ने यह जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार भबात निवासी साहिब मंगलवार को रात करीब सवा 10 बजे अपने साथी सुमित व राजबीर के साथ मोटरसाइकिल पर लोहगढ़ मोड़ से बनूड़ की ओर जा रहे थे। जब वह लोहगढ़ मोड़ पर पहुंचा तो पटियाला चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू हिमाचल नंबर की कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस टक्कर से उनकी मोटरसाइकिल के आगे खड़े ट्रक और बीएमडब्ल्यू के बीच बुरी तरह से पिस गई। हादसे में साहिब, सुमित और राजवीर सिंह सभी निवासी गांव भबात गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को इलाज के लिए स्थानीय जेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने साहिब सिंह को चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि राजवीर और सुमित का जेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक, सुमित और राजवीर की हालत स्थिर है। वहीं साहिब सिंह के भाई से मिली जानकारी के मुताबिक जीएमसीएच सेक्टर-32 में पहुंचते ही साहिब सिंह को डॉक्टरों ने मृत बता दिया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू कार के सभी एयर बैग खुल गए। हादसे का आरोपी कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सड़क सुरक्षा बल में तैनात सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में व्यस्त थी।