खरड़। अदालत में फर्जी पहचान और दस्तावेज के जरिये जमानत बॉन्ड पेश करने का मामला सामने आया है। खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन ने तीन व्यक्तियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। प्राथमिकी के अनुसार, मामला कुराली गांव से जुड़े 2024 के एक मामले में आरोपी पवन सिंह की जमानत से संबंधित है। 10 नवंबर को अदालत में जमानत बॉन्ड सत्यापन के दौरान, जमानतदार और गवाह की पहचान पर संदेह हुआ। जमानतदार ने अपना असली नाम कमलजीत सिंह बताया और मनप्रीत सिंह नाम बताने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि बरनाला निवासी विक्की ने उसे खरड़ अदालत में जमानतनामा भरने के लिए बुलाया था। इसी तरह, गवाह ने अपना असली नाम हरविंदर पाल सिंह बताया। आधार कार्ड पर करनैल सिंह के नाम व तस्वीर को लेकर संदेह पैदा हुआ।