मोहाली। शहर में छीनाझपटी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अलग-अलग वारदातों में छीने कुल 20 मोबाइल फोन व एक बाइक बरामद किया है। तीनों आरोपियों की पहचान साहिल कुमार, विकास कुमार दोनों निवासी बड़माजरा व मोहम्मद मोनिस निवासी बलौंगी के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना फेज-1 में मामला दर्ज किया गया था। तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया जोकि पुलिस रिमांड पर थे। रिमांड दौरान आरोपियों ने छीने मोबाइल रिकवर करवाए।
डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चौहान ने बताया कि 21 सितंबर को मूल रूप से अलीगंज बरेली और हाल निवासी मोहाली गांव इसरार जोकि अपनी फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। उसने पुलिस को शिकायत दी थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर उसकी रेहड़ी पर आए और उसका फोन छीनकर भाग गए। इसरार की शिकायत पर पुलिस ने फेज-1 थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच कर 21 सितंबर को पुलिस ने एक नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक साहिल कुमार व विकास कुमार को हिरासत में लिया था। पुलिस ने शक के आधार पर उनसे पूछताछ की तो उन्होंने माना कि वह छीनाझपटी की वारदातों को अंजाम देते है। पुलिस ने आरोपियों को स्नैचिंग के दो मोबाइल सहित गिरफ्तार किया। आरोपियों को उक्त मामले में नामजद कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।
15 से 18 सौ में बेचते थे मोबाइल
आरोपियों ने पूछताछ में माना कि वह जो भी मोबाइल स्नैच करते थे, वह उसे आगे अपने साथियों को 15 से 18 सौ रुपये में बेच देते थे। जो दुकानदार या उनके साथी उनसे मोबाइल खरीदते थे वह उन्हें आगे महंगे दाम पर बेच देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशे की लत को पूरा करने के लिए स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा करने व लड़ाई झगड़ा करने के मामले दर्ज हैं।