डेराबस्सी। शहर में चोरियों को सिलसिला जारी है। अब गांव के धार्मिक स्थानों को चोर निशाना बना रहे हैं। बीती रात गांव बेहड़ा में स्थित पीर बाबा की दरगाह से चोर गोलक तोड़कर करीब 12 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इसी तरह, दूसरी वारदात में फतेहपुर गांव में स्थित गुरुद्वारा साहिब में अंजाम दिया गया, जिसकी भारी भरकम गोलक को अज्ञात चोर अपने साथ उठाकर ले गए। गांव के सरपंच हरदीप सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब की गोलक को बीते कल ही खाली किया गया था, जिसमें 500 रुपये से ज्यादा नहीं थे। दूसरी ओर, पुलिस ने दोनों ही मामलों की शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।