जीरकपुर। शहर के वार्ड-30 में लोगों को पीने के पानी की किल्लत से राहत मिलने वाली है। नगर परिषद ने लाखों रुपये की लागत से ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जरनैल एनक्लेव-1 व 2, सिटी एनक्लेव व आसपास की कॉलोनियों में पानी की किल्लत होती थी। जरनैल एनक्लेव में पानी की सप्लाई लो प्रेशर से मिलती थी। कई बार टैंकर मंगवाकर लोगों को गुजारा करना पड़ता था। इससे परेशान होकर लोगों की मामले की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को दी। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने इलाके का दौरा किया और रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को सौंपी।
ईओ संदीप तिवारी ने बताया कि वार्ड-30 में ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू हो चुका है। दो हफ्ते के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा। इससे लोगों को पीने वाले पानी की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
आए दिन खराब हो जाता है ट्यूबवेल
वार्ड-30 के निवासियों को अभी तक जिस ट्यूबवेल से पानी की मिल रहा है, उसमें आए दिन कोई न खराबी आती रहती है। लोगों की आबादी बढ़ने के साथ-साथ ट्यूबवेल की क्षमता कम हो गई है। इसकी वजह से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। ट्यूबवेल की मोटर खराब होने के कारण प्रशासन को टैंकर भेजकर पानी की आपूर्ति करवानी पड़ती है।
लंबे समय बाद हल हुई समस्या
पानी की किल्लत से लोग काफी समय से परेशान थे। लंबे समय तक अधिकारियों को शिकायतें देने के बाद अब लोगों की समस्या की ओर ध्यान दिया गया है। -दीपक कुमार
पानी की किल्लत की वजह से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे थे। कई बार तो लोगों को मजबूरी में पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ता है। -जगजीत सिंह
क्षेत्र में लो प्रेशर से पानी की सप्लाई होती है। पानी की आपूर्ति को पूरा करने के लिए मोटर का सहारा लेकर पानी टंकी तक पहुंचाना पड़ता है। इसमें बिजली खर्च भी बढ़ रहा है। -राजेश कुमार
क्षेत्र में नया ट्यूबवेल लगने के बाद पानी की सप्लाई पहले से बेहतर होगी। लोगों को टैंकर मंगवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लोगों के लिए पानी आसानी से उपलब्ध हो जाएगा। -संदीप कुमार