मोहाली। शहर में नगर निगम के अधीन आते नए सेक्टरों में अब पीने वाले पानी की दिक्कत नहीं आएगी। इतना ही नहीं किसी भी तरह की लाइन में दिक्कत आएगी तो उसकी रिपेयर भी तुरंत होगी। क्योंकि नगर निगम ने इन सेक्टरों में वाटर सप्लाई स्कीम का सालाना मरम्मत का काम निजी कंपनी को सौंपने का फैसला लिया है। इससे जहां काम में तेजी आएगी। वहीं, इलाके के लोगों का भी फायदा होगा। इस प्रोजेक्ट में निगम नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी। साथ ही सारे काम की मानीटरिंग खुद करेगा।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के अधीन आने वाले सेक्टर-65ए, 66, 67, 76 से 78 की वाटर सप्लाई की स्कीम की जिम्मेदारी निजी कपंनी को देने का फैसला लिया है। इसके पीछे की वजह यह है कि लोगों को पानी के लिए किसी भी तरह की दिक्कत न आए। साथ ही वाटर सप्लाई सुचारू तरीके से चली रही। वहीं, अब उक्त एरिया पूरी तरह बस गया है। कई नामी शिक्षण संस्थान से लेकर वीआईपी लोग इन सेक्टरों की शान हैं। ऐसे में नगर निगम किसी भी काम को हलके में नहीं ले रहा है। निगम अधिकारियों की मानें तो जब किसी कंपनी को काम सौंप दिया जाता है तो निगम की टेंशन खत्म हो जाती है। साथ ही शहर में कोई वीआईपी आए या फिर आंधी तूफान निजी कंपनी ही उस काम को देखती है।
16 करोड़ से बदली जा रही मशीनरी
कजौली वाटर वर्क्स की लाइन में कोई समस्या आने या मेंटेनेंस के चलते पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित न हो इसलिए भी शहर में तैयारी की जा रही है। इलाके में पानी स्टोर करने के लिए टैंक बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा इलाके चार अंडरग्राउंड वाटर रिजरवायर है। इनमें सेक्टर-57, सेक्टर-68, फेज-6 और फेज-10 में है। अब इनकी मशीनरी को भी बदला जा रहा है। इसके लिए निगम की ओर से करीब 16 करोड़ रुपये से काम शुरू कर दिया गया है। इसके चलते यह काम शुरू किया गया है।
बीस एमजीडी पानी भी मिलेगा जल्द
शहर में अब पानी की दिक्कत भी दूर हो जाएगी। जल्द ही मोहाली शहर को कजौली से बीस एमजीडी पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इसके लिए सिंहपुर में प्रोजेेक्ट स्थापित कर दिया गया है। जल्द ही उससे पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। पानी की लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा स्काडा सिस्टम स्थापित किया गया है। इससे पानी की सप्लाई पर नजर रखी जाती है।