मोहाली। फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल के बाहर से गुजरने वाली सड़क में बरसात के दिनों में अब जलभराव नहीं होगा। अस्पताल आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम ने वहां पर स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने का फैसला लिया है। इस काम पर 22 लाख रुपये की लागत आएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इस इलाके में लाइन को पटियाला की राव नदी से जोड़ा जाएगा। बुधवार को नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने काम का शुभारंभ करवाया। वहीं, इस मौके पर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक अस्प्ताल के बाहर जलभराव की समस्या बारे लोग ने मेयर मेयर से शिकायत की थी। लोगों का कहना था कि इस वजह से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। जिसको ध्यान में रखकर यह कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि लाइन का काम पूरा हो जाने के बाद यह दिक्कत सदा के लिए दूर हो जाएगी। इस मौके पर मेयर ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखकर इस बार में पूरे चौकस प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि इसके चलते पूरे मोहाली में स्टॉर्म, ड्रेनेज और रोड गलियां साफ करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा फेज-9 से लेकर नाइपर के बैक साइड पर स्थित एनचो को साफ करवाया गया है। नगर निगम के अधीन आते नए सेक्टरों में 76 से 80 की रोड गलियां, ड्रेनेज सिस्टम की पूरी सफाई करवाई गई है। शहर में जहां पर भी नई रोड गलियों की जरूरत है, वहां पर नई रोड गलियां बनाई जा रही है।
उन्होंने इस मौके पर लोगों को विश्वास दिलाया कि इस बार बरसात के मौसम में किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस मौके फेज-6 के समाजसेवी लखवीर सिंह, एक्सईएन नगर निगम हरप्रीत सिंह, सिविल अस्पताल के डॉक्टर विजय भगत, डॉ. परमिंदरजीत और डॉ. संजीव कंबोज भी मौजूद थे।
रोजाना एक हजार से अधिक लोग आते हैं सिविल अस्पताल
जानकारी के मुताबिक सिविल अस्पताल में इलाज के लिए रोजाना एक हजार से अधिक लोग पहुंचते हैं। जिन्हें सड़क पर जलभराव होने से दिक्कत होती थी। जलभराव गेट से लेकर नेशनल हाईवे तक रहता था और कई बार यह मामला उठा भी था। जब कोई अधिकारी कॉलेज में आता था तो इस नगर निगम की तरफ से अस्थाई इंतजाम किए जाते थे। इसके अलावा इस सड़क के दूसरे किनारे पर सरकारी कॉलेज और नया बन रहा मेडिकल कॉलेज भी स्थित है।