मोहाली। गर्मियों की शुरुआत में ही बिजली विभाग को एकबार फिर से मरम्मत कार्य याद आ गए हैं। दस दिन में दो दिन घोषित कट लग चुके हैं इसके साथ ही अघोषित कट भी लगने लगे हैं। डेराबस्सी, जीरकपुर, मोहाली, कुराली के साथ खरड़ के कई इलाकों में इस सप्ताह भी बिजली कट ने लोगों को परेशान किया है। जिले के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ठंड के समय जरूरी मरम्मत क्यों नहीं कराता है। उस समय बिजली की सप्लाई भी ठीक रहती है, जैसे ही मार्च का महीना शुरु होता है विभाग भी मरम्मत का बहाना बनाकर कट लगाने का काम शुरु कर देता है।
आईटी सिटी एरोसिटी के आरडब्ल्यूए संगठन के ज्वाइंट प्रेसिडेंट गुरिंदर सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल को सुबह नौ बजे से पांच बजे का लंबा कट लगाया था। इस दौरान आठ घंटे बिजली की सप्लाई बंद रही। इस कट के लगने से आईटी सिटी, एरोसिटी, सेक्टर- 82, डेरी, दुराली, सनेटा, चड़ैला, स्वारा, और इसके आसपास के इलाके में भी बिजली की सप्लाई बाधित रही। हालांकि बिजली विभाग ने इस बात की जानकारी दे दी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के समय में बिजली विभाग के द्वारा लगाए जा रहे इतने लंबे कटों से पानी की सप्लाई के साथ ही गर्मी का सामना भी करना पड़ता है।
नौ अप्रैल को यहां लगे कट
औद्योगिक क्षेत्र फेज 1 और फेज 3 में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक दो घंटे की अनिर्धारित बिजली कट लगाया। इसके साथ ही न्यू सनी एन्क्लेव, देसूमाजरा, सेक्टर 123 और सेक्टर 125 में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं, बालोंगी, दौन, ठसका, मनाना, तरौली और रामगढ़ सहित कई गांवों में भी सुबह के समय करीब एक घंटे तक बिजली कटौती की गई। इसके साथ ही फेज 3ए, फेज 3बी1, फेज 3बी2, सेक्टर 53, फेज 5 और फेज 4 के कुछ हिस्सों के निवासियों को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सात घंटे की बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
बिजली कट की जानकारी थी लेकिन बिजली की वजह से पानी न आने के कारण काफी परेशानी हुई। -रानी शर्मा, कुराली।
बिजली विभाग को गर्मियों में ही मरम्मत की याद आती है। मरम्मत संबंधी काम सर्दियों में ही करने चाहिए। गर्मियों में बिजली न होने से घर में सबको बड़ी समस्या झेलनी पड़ी। -रिंकू बंसल, कुराली।
बिजली विभाग भले ही मरम्मत करके लोगों को समस्या से बचाना चाहता है, लेकिन इतने लंबे कट नहीं लगाए जाने चाहिए। -मनिंदर सिंह, कुराली।
गर्मी में बिजली के कटों से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जब रात को दो तीन घंटे के लिए बिजली चली जाती है तो बड़ी परेशानी होती है। -शिवा, मोहाली।
जब सर्दी का समय होता है तब न तो बिजली कट लगते हैं और न ही मरम्मत की जाती है। गर्मी शुरु होते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों को बिजली कट लगाने के लिए मरम्मत का सहारा लेना पड़ता है जिससे तकलीफ शहर वासियों को होती है। - सुनील कुमार, जगतपुरा।