मोहाली। शहर का सबसे पॉश और सुव्यवस्थित माना जाने वाला इलाका फेज-7 इस समय बदहाली की मार झेल रहा है। बुधवार से इस इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप है। करीब 30 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हुई है, इससे स्थानीय निवासी भीषण गर्मी में तड़प रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही मरम्मत का कोई कार्य शुरू हुआ। इससे नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने स्थानीय पार्षद अनुराधा आनंद और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि रातभर बच्चे सो नहीं पाए, पंखे और कूलर बंद हैं, इन्वर्टर जवाब दे गए हैं, बुजुर्गों और बीमारों की हालत और भी खराब है। लोगों ने कहा कि बिजली सप्लाई के लिए जब विभाग में फोन किया गया तो वहां से कोई रेस्पांस नहीं मिला।