बरवाला। बरवाला-डेराबस्सी मार्ग पर स्थित गोगामेड़ी मंदिर के सामने एक कॉलोनाइजर की ओर से काटी गई कॉलोनी में बिजली, पानी, गलियां, नालियां आदि की व्यवस्था न दिए जाने पर कॉलोनी वासियों ने इकट्ठे होकर कॉलोनाइजर के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासी तरसेम सिंह, ममता देवी, गीता देवी, उषा, प्रीति, कांता देवी, राजाराम, किरण, विमला देवी, सुनीता देवी, रीता देवी आदि ने रोष जताते हुए कहा कि कॉलोनाइजर सुरेंद्र गोयल ने 2018 में काॅलोनी काटी थी, जिसमें उन्होंने प्लाॅट खरीदे थे। उस समय उन्होंने कॉलोनी में बिजली ,पानी, गलियों, नालियों आदि सभी सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन प्लाट धारकों द्वारा मकान बनाए जाने के बावजूद अभी तक उन्हें किसी भी तरह की मूलभूत नहीं मिल पाई। जिसके चलते उन्हें बिना बिजली, पानी, गलियों, नालियों, आदि सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। वहीं कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनाइजर के द्वारा अपने पैसे से बिजली के लिए पूरी कॉलोनी में पोल भी गाड़ दिए गए थे, लेकिन बिजली की सुविधा आज तक कॉलोनीवासियों को बिजली की सुविधा नहीं दी गई। वहीं कॉलोनी वासियों ने बताया कि जब भी वे बिजली कार्यालय बरवाला में बिजली का कनेक्शन करवाने के लिए आवेदन करते हैं तो बिजली विभाग की ओर से उनका आवेदन अस्वीकार कर दिया जाता है। कॉलोनी वासियों ने बताया कि इस कॉलोनी में लगभग 167 प्लाटो में से लगभग 20 घर व 6 दुकानें बन चुकी हैं जिनमें लोग बिना मूलभूत सुविधाओं के अपना आवासीय जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं, लेकिन यहां पर बिजली, पानी, गलियां, नालियां आदि की तक सुविधा न मिलने पर उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के बारे में कॉलोनाइजर सुरेंद्र गोयल से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं इस समस्या बारे में जब बिजली कार्यालय बरवाला के एसडीओ आशीष चोपड़ा से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की ओर कॉलोनाइजर सुरेंद्र गोयल को नोटिस जारी किया हुआ है कि वह कॉलोनी में बिजली, व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्म, तारों इत्यादि का जो सरकारी खर्चा है उसके लिए पैसा विभाग के पास जमा करवा दें। उसके बाद ही कॉलोनी में बिजली की सुविधा दी जा सकती है।
कोट
लोगों ने लाखों रुपये खर्च कर व प्लॉट खरीदकर अपने मकान बना बना रखे हैं, लेकिन कॉलोनाइजर की ओर से उन्हें आज तक किसी भी तरह की कोई सुविधा नहीं दी गई, जिसको लेकर कॉलोनाइजर के प्रति काफी रोष है -
तरसेम लाल
कॉलोनाइजर की ओर से जब कॉलोनी काटकर प्लाॅट बेचे गए तो उन्होंने कॉलोनी में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक उन्हें बिजली, पानी, गलियों, नालियों आदि की सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है -
मलकीत सिंह
कॉलोनी में बिजली की व्यवस्था न होने के करण शाम ढलते ही पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूब जाती है। ऐसे में कॉलोनीवासी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं -
ममता रानी
बिजली-पानी की व्यवस्था न होने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई व अन्य दिनचर्या के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसको लेकर उनमें कॉलोनाइजर के खिलाफ रोष देखने को मिल रहा है -
सुनीता देवी