नयागांव। सिसवां-बद्दी रोड पर स्थित शिव शनि मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर पूजा का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने इलाके में 15 दिनों से बंद लाइटों के कारण हुए अंधेरे का फायदा उठाया। पुजारी प्रदीप पांडेय के अनुसार, चोर दो तांबे के नाग देवता, चार पीतल की आरती ज्योत, चार तांबे की गड़वियां, चार बड़े पीतल के दीपदान और चार प्लेट सहित अन्य सामान ले गए। एक माह पहले भी दान पेटी तोड़कर नकदी चोरी हुई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंधेरे से चोरों को वारदात में आसानी हो रही है। चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।