लांडरां/बनूड़। गांव थूहा से मोही खुर्द को जाने वाली सड़क पर रात के अंधेरे में बिना सफाई किए प्रीमिक्स डालने का काम ग्रामीणों ने रुकवा दिया। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
गांव निवासी गुरविंदर सिंह, अवतार सिंह, गुरविंदर सिंह मंगा, सतविंदर सिंह, जसविंदर सिंह, नरेंद्र सिंह, जरनैल सिंह, परमजीत सिंह बिल्लू और सतनाम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है। आरोप है कि बीती रात करीब 11 बजे सड़क पर बिखरी मिट्टी की सफाई किए बिना मशीन से प्रीमिक्स डाला जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरस्ट से मामले की जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि थूहा से कालोमाजरा जाने वाली सड़क पर पहले डाला गया प्रीमिक्स भी कुछ ही दिनों में उखड़ गया था। ग्रामीणों ने उस सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच करवाने की मांग की।
मंडी बोर्ड के क्षेत्रीय एक्सईएन सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आ गया है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को सड़क की दोबारा अच्छी तरह सफाई करवाकर दिन के समय निर्धारित मानकों के अनुसार प्रीमिक्स डालने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवाद