मोहाली। संयुक्त किसान मोर्चा पंजाब से जुड़ी किसान संगठनों के साथ-साथ मजदूर, कर्मचारी, विद्यार्थी और युवा संगठनों ने 16 जनवरी को डीसी कार्यालय मोहाली के सामने धरना देने का ऐलान किया है। यह फैसला गुरुद्वारा साहिब सिंह शहीदां सोहाना में आयोजित बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के प्रदेश सचिव परमदीप सिंह बैदवान ने की। बैठक में बताया गया कि 16 जनवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक पूरे पंजाब में डीसी कार्यालयों के सामने धरने देकर मांग पत्र सौंपे जाएंगे।
इस दौरान बिजली संशोधन बिल, बीज बिल, चार लेबर कोड, मुक्त व्यापार समझौते, मनरेगा के स्थान पर बनाए मजदूर विरोधी कानूनों, सरकारी संपत्तियों की बिक्री और संघर्षशील वर्गों पर हो रहे दमन का विरोध किया जाएगा। बैठक में सरकारी आईटीआई ठेका कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने और चिप वाले स्मार्ट मीटर लगाए जाने के फैसले का भी विरोध करने का निर्णय लिया गया। 12 जनवरी को इस संबंध में निगरानी अभियंता मोहाली को चेतावनी पत्र सौंपा जाएगा।