खरड़ । रामबाग रोड पर श्मशान घाट के बाहर 12 फरवरी को हुए युवक दीपक कुमार के कत्ल में इस्तेमाल की गई किरच को सिटी पुलिस खरड़ ने बरामद कर लिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर भगवंत सिंह ने बताया कि आरोपी शिबु उर्फ सन्नीं बब्बर पुत्र देव चंद निवासी रामबाग कालोनी खरड़ और राज कुमार उर्फ राजा पुत्र अजीत कुमार निवासी लेबर चौक खरड़ को गिरफ्तार करके पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर दीपक कुमार का कत्ल करने में इस्तेमाल की गई किरच को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसके अलावा पुलिस को कई और सुराग भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले के तीसरे आरोपी कुलदीप सिंह गोरु को गिरफ्तार करना बाकी है। जिसे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने वीरवार को दोनों आरोपियों का रिमांड खत्म होने पर अदालत में पेश किया। यहां से जज ने दोनों आरोपियों को दोबारा दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।