मोहाली। शहर के पॉश इलाके फेज-8 के पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में पिछले पांच दिनों से पानी का संकट गहराता जा रहा है। यहां के हालात इतने खराब हो गए हैं कि नलों से एक बूंद पानी नहीं आ रहा और गर्मी के मौसम में रह रहे परिवारों में हाहाकार मची हुई है। दूसरी और इस मामले में मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों से अगली तारीख तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दूसरी और पानी की किल्लत की वजह से हाउसिंग काम्प्लेक्स में चलते पुलिस थाना, वुमन पुलिस थाना और विजिलेंस कार्यालय भी इस चपेट में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर पानी की कमी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और राहत पहुंचाने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। इससे पहले गत शनिवार को विभाग की ओर से पानी की लाइन जोड़ दी गई थी, लेकिन उसके बावजूद पानी की समस्या जस की तस बनी रही। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विजिलेंस दफ्तर में पीने का पानी तक नहीं बचा है। बाहर से पानी की बोतलें खरीद कर मंगवानी पड़ रही हैं। कई बार आपराधिक केस को छोड़कर भी पानी भरने के लिए पास के गुरद्वारे या मार्केट में जाना पड़ रहा है।
टैंकर भी नाकाफी, टॉयलेट्स से बदबू
पुलिस काॅम्प्लेक्स में रहे रहे लोग बताते हैं कि जल सप्लाई विभाग की ओर से पानी के टैंकर जरूर भेजे जा रहे हैं, लेकिन वे जरूरत के मुकाबले बेहद कम हैं। इसके उलट, कई परिवार अपने खर्चे पर निजी टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं। एक स्थानीय महिला ने बताया कि सरकारी टैंकर कब आएगा, कोई भरोसा नहीं। हमें खुद ही पैसे देकर पानी मंगवाना पड़ रहा है। गर्मी में बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
प्रशासन का दावा : पाइपलाइन की मरम्मत जारी
फेज-8 के पंजाब पुलिस हाउसिंग काॅम्प्लेक्स में पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और सोसाइटी में पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं, जल्द ही मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा। -माईकल, एक्सईएन, जल सप्लाई विभाग