जीरकपुर। पटियाला-जीरकपुर हाईवे पर स्थित गुरुद्वारा नाभा साहिब से लेकर हाई ग्राउंड रोड तक की सर्विस रोड गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। देखा जाए तो गड्ढों में सड़क नजर आती है। इस सड़क पर हल्की सी बरसात होने पर भी पानी भर जाता है। आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस सर्विस रोड से चार लिंक सड़कें जाती हैं, जिनमें से एक लिंक सड़क गुरुद्वारा नाभा साहिब की तरफ और तीन सड़कें गांव दयालपुरा की तरफ जाती हैं। हाई ग्राउंड रोड की तरफ जाने वाली सड़क के आगे भी गड्ढे बन चुके हैं। इस कारण यहां से भारी संख्या में वाहनों का आना-जाना लगा रहता है।
इसी सड़क पर बड़े-बड़े होटल एवं काॅमर्शियल प्रोजेक्ट भी स्थित हैं। यहां पर भी वाहनों का अक्सर ही आना-जाना लगा रहता है। सड़क पर पड़े गड्ढों के कारण यहां पर आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बहुत से वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। लोग चोटिल भी होते हैं। इसी सड़क से जाती लिंक रोड पर एक स्कूल भी स्थित है, जिसके चलते स्कूल बसें भी आती रहती हैं जो कि किसी भी समय दुर्घटनाग्रस्त हो सकती है।
यहां मौजूद सुनील कुमार, महेश कुमार, तरुण सिंगला, बलदेव सिंह का कहना है कि वह प्रतिदिन यहां से ही गुजरते हैं। करीब एक वर्ष से इस सड़क की ऐसी हालत बनी हुई है। इस सड़क पर पहले भी बरसात के दिनों में कई बार बहुत से वाहन फंसे देखे गए हैं जिन्हें लोगों ने मौके पर क्रेन मंगवा कर निकाला है। नगर परिषद के अधिकारी इस तरह कोई ध्यान नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस सड़क पर कोई बड़ी घटना हो जाती है या किसी वाहन को नुकसान हो जाता है तो उसकी सारी जिम्मेदारी नगर परिषद जीरकपुर की होगी।
बरसात के कारण जीरकपुर शहर की सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। अब बारिश का मौसम खत्म हो गया है। जल्द ही शहर में नई सड़कें बनाने और कुछ सड़कों की मरम्मत करने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। -जतिंदर सिंह बैंस, एसडीओ, नगर परिषद जीरकपुर