जीरकपुर। पीरमुछल्ला का वह क्षेत्र जहां से पंचकूला के सेक्टर-19 का एंट्री पॉइंट है पर सड़क और साथ लगती गलियों की हालत इतनी खराब है कि जगह-जगह पर कचरा फैला हुआ है और गड्ढे पड़े हुए हैं। इसके कारण क्षेत्र में रहने वाले लोग बहुत परेशान हैं।
स्थानीय निवासी अभिनव गोयल, माघी राम शर्मा, आर्यन गोयल, पवन बंसल आदि ने बताया कि पंचकूला सेक्टर-19 के साथ लगते पीरमुछल्ला क्षेत्र में सड़कों की हालत इतनी खस्ता है कि जगह-जगह पर गड्ढे बने हैं। इसके अलावा इस क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके कारण जगह-जगह पर हमेशा कचरा फैला रहता है। इसके कारण बीमारियां फैलने का भी खतरा बना रहता है।
गलियों और सड़कों पर पड़े गड्ढों के कारण लोग गिरकर कई बार चोटिल भी हो जाते हैं और गाड़ियों का भी नुकसान होता है। नगर परिषद अधिकारियों को इसकी और जल्द ध्यान देते हुए सड़कों की मरम्मत और साफ सफाई करवानी चाहिए।
शहर की करीब सभी टूटी हुई सड़कों के संबंध में एस्टीमेट तैयार हो चुके हैं। जल्द ही इनकी मरम्मत करवाई जाएगी।
- ईशान कुमार,जेई, नगर परिषद जीरकपुर
वैसे तो हमारे सफाईकर्मी हर क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई करते हैं। अगर पीरमुछल्ला के किसी क्षेत्र में सफाई नहीं हुई तो वहां पर सफाई कर्मियों को भेज कर सफाई करवा दी जाएगी।
- मनोज कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद जीरकपुर