जीरकपुर। गांव के अंदर से गुरुद्वारा नाभा साहिब की तरफ जाने वाली सड़क बदहाल होने की वजह से ग्रामीण परेशान हैं। इस रोड पर किसी दोपहिया या चारपहिया वाहन से जाने की बात तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इस समय इस गांव की आबादी 1000 से भी अधिक है। पूरा गांव इसी मार्ग से आवागमन करता है।
यह डगर इतनी खराब है कि बारिश के दिनों में यहां से बहुत से लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। सुबह के समय गुरुद्वारा साहिब जाने के लिए ज्यादातर लोग इसी सड़क का प्रयोग करते हैं। लोगों ने मांग की है कि इस सड़क को जल्द से जल्द बनाया जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। इस आधा किलोमीटर लंबी सड़क पर गोगामाड़ी के अलावा सड़क के दोनों तरफ करीब 50 घर हैं। इन लोगों को बाहर निकलते ही गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है।
सड़क को जल्द बनाया जाए
गांव के ज्यादातर लोग सुबह गुरुद्वारा साहिब जाते हैं। बहुत से लोगों को इसी सड़क से होकर जाना पड़ता है। इसके अलावा 10 अक्टूबर से गुरुद्वारा नाभा साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वां शहीदी दिवस मनाया जा रहा है इस मौके अक्सर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी गुरुद्वारा साहिब में आते हैं। इसलिए इस सड़क को जल्द बनाया जाए। -लक्की नाभा, स्थानीय निवासी।
कई लोग हो चुके चोटिल
इस खराब सड़क पर गिरकर कई लोग चोटिल हो चुके हैं जिसमें दो-तीन बच्चे भी शामिल है। नगर परिषद को लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को जल्द बनाया जाए। - जसबीर कौर, स्थानीय निवासी।
धूल से होती है परेशानी
गांव की इस आधा किलोमीटर लंबी बदहाल सड़क पर आने-जाने में तो लोगों को परेशानी होती ही है, इसके अलावा यहां से गुजरने वाली गाड़ियों के कारण घरों में बहुत ज्यादा धूल-मिट्टी आ रही है। इससे लोगों का सामान के साथ-साथ खाने-पीने वाला सामान भी खराब हो जाता है। - जसविंदर कौर, स्थानीय निवासी
गांव में पानी की पाइपलाइन डालने के कारण बहुत सी सड़के खराब हो चुकी हैं जिनको बनाने के लिए टेंडर लग चुका है और कुछ ही दिनों में नाभा गांव की सड़कें बनाने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। - परविंदर सिंह भट्टी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जीरकपुर